गोरखपुर/संतकबीरनगर। पूर्वी उत्तर प्रदेश के युवाओं को कांग्रेस से जोड़ने की मुहिम पर निकले पार्टी महासचिव राहुल गांधी ने आज बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख और राज्य की मुख्यमंत्री मायावती पर जमकर हमला बोला तथा इसे दलालों की सरकार करार देते हुए कहा कि यह ऐसी सरकार है, जो किसानों की जमीन जबरन कब्जा करके बड़े भवन निर्माताओं को बेचती है।
पूर्वी उत्तर प्रदेश के दो दिन के दौरे पर आये राहुल ने युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के बाद संवाददाताओं से कहा कि उच्चतम न्यायालय और उच्च न्यायालय के हाल में आये आदेश से साफ हो गया है कि उत्तर प्रदेश दलालों की तरह काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि किसानों की जमीन आपात उपबंध के नाम पर हथियाई जा रही है और उसे भवन निर्माताओं को बेचा जा रहा है। विकास के अलावा खेती की जमीन इस तरह के काम के लिए नहीं ली जानी चाहिए, लेकिन उत्तर प्रदेश सरकार ऐसा ही कर रही है। उन्होंने कहा कि दलाल जिस तरह बीच में कमाई करता है यह सरकार भी ठीक वैसा ही कर रही है।
दलाल चला रहे हैं उत्तर प्रदेश सरकार: राहुल गांधी
राहुल ने कहा कि बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सरकार घोटालों और विवादों से घिरी हुई है। परिवार कल्याण विभाग में राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन (एनआरएचएम) में करोड़ों रुपये का घोटाला हुआ और इसी को लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारियों की हत्या तक की गयी। अब उच्च न्यायालय के डर से इसकी केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से जांच के आदेश दिये गये हैं।
उन्होंने गोरखपुर के सैयद मोदी रेलवे स्टेशन के बैडमिंटन हाल में युवा कांग्रेस के करीब तीन हजार कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और उनसे जमीनी स्तर पर काम करने को कहा ताकि पार्टी की जनता के बीच अच्छी छवि बने। उन्होंने कहा कि यदि कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर काम करके आगे आते हैं तो उन्हें राहुल गांधी भी नहीं रोक सकता।
राहुल ने युवा कार्यकर्ताओं से लोगों की समस्याएं दूर करने के लिए काम करने की अपील की और कहा कि आम जनता का विश्वास ऐसे ही हासिल किया जा सकता है।
उन्होंने अपने 40 मिनट के संबोधन में कार्यकर्ताओं से चुनाव के लिए जुट जाने का आह्वान किया और कहा कि जनता कांग्रेस को विकल्प के रूप में देख रही है। अब कार्यकर्ताओं को अपने काम पर खरा उतरना है।
मायावती सरकार की नीयत खोटी, भूमि लेकर देती है गोली: राहुल
राहुल ने युवा कांग्रेस के सदस्यता अभियान की भी जानकारी ली। कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के बाद वह संतकबीरनगर आये और कबीर के मजार पर गये। कबीर की निर्वाणस्थली पर उनकी हिन्दू और मुसलमान दोनों की अलग-अलग मजारे हैं। कार्यक्रम के अनुसार उन्हें मऊ जाना था लेकिन संतकबीरनगर जाने के बाद वे सहजनवां के कटका गांव चले आये।
ग्रामीणों ने राहुल से कानून-व्यवस्था में गिरावट, रोज हो रहे अपराध और नदी में प्रदूषण की शिकायत की। उन्होंने गांव में किसानों से भी बातचीत की।
गोरखपुर हवाईअड्डे पर अपराह्न 11 बजे पहुंचने पर राहुल का जोरदार स्वागत किया गया। पूरे शहर में उनके आगमन को लेकर होर्डिंग और बैनर लगाये गये थे। राहुल मऊ जायेंगे और बुनकरों के सम्मेलन में शामिल होंगे। अपने दो दिन के दौरे में उन्हें बलिया और वाराणसी भी जाना है। कुछ महीने पहले गोरखपुर से स्लीपर क्लास से उनका रेल का सफर पूरे देश में चर्चा का विषय रहा था।
No comments:
Post a Comment