Monday, 4 July 2011

इंसाफ मांगने पर पुलिस का कहर

बागपत, जागरण कार्यालय। गैंगरेप की शिकार पीड़िता को इंसाफ दिलाने की मांग कर रहे लोगों पर पुलिस ने सोमवार को जमकर कहर बरपाया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। इतना ही नहीं, पीड़ित किशोरी व महिलाओं तक को सड़क पर घसीटकर पीटा गया। गुस्साए लोगों ने हाइवे जाम कर बसों में तोड़फोड़ की और बाद में कोतवाली पर हमला बोल दिया।

नगर के पुराना कस्बा में रविवार को चार युवकों पर एक नाबालिग से गैंगरेप के आरोप लगाते हुए पीड़ित पक्ष ने रात में ही कोतवाली में तहरीर दी थी। सोमवार को किशोरी के परिजन पहले सीएचसी पहुंचे और पीडि़त किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराने की मांग की। मौके पर काफी भीड़ एकत्र हो गई। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर यह भीड़ पीड़िता को लेकर हाइवे स्थित राष्ट्र वंदना चौक पर पहुंची और जाम लगाकर बसों में तोड़फोड़ करने लगे। इस पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर जाम खुलवाया।

वहां भीड़ पीड़िता को साथ कोतवाली पहुंची और हमला बोल दिया। जवाब में पुलिस ने पीड़ित किशोरी समेत अन्य महिलाओं को सड़क पर घसीटकर लात-घूंसों से पीटना शुरू किया। महिलाओं ने थाने में बंद दो आरोपियों को पुलिस से छुड़ाना चाहा तो कोतवाल महिलाओं से उलझ गए। आधा दर्जन महिलाएं चोटिल हुई हैं। एक घंटे तक कोतवाली जंग का अखाड़ा बनी रही।

सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन के अफसर मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत किया। पीडि़त किशोरी को गंभीर हालत में सीएचसी पर भर्ती कराया। गैंगरेप के आरोपी युवक दूसरे संप्रदाय से ताल्लुक रखते हैं। इसके चलते इलाके में सांप्रदायिक तनाव भी है। पुलिस चौकस है।

No comments:

Post a Comment