Tuesday, 12 July 2011

एअरपोर्ट पर हमले की साजिश, एलर्ट

वाराणसी। लाल बहादुर शास्त्री एअरपोर्ट सहित देश के किसी भी हवाई अड्डे पर आतंकी हमला हो सकता है। यह चेतावनी एक अमेरिकी खुफिया एजेंसी ने दी है। इसके साथ ही सभी हवाई अड्डों पर सिक्योरिटी एलर्ट जारी कर दिया गया है।

हालांकि स्वतंत्रता दिवस से पहले पूर्व के वर्षो में भी हवाई अड्डों पर सिक्योरिटी एलर्ट होता रहा है, लेकिन इस साल इसे तकरीबन एक माह पहले ही जारी कर दिया गया है। इस नाते आशंका जतायी जा रही है कि आतंकी स्वतंत्रता दिवस से पहले ही साजिश को अंजाम दे सकते हैं। खतरे के लिहाज से लाल बहादुर शास्त्री एअरपोर्ट को प्राथमिकता पर रखने के निर्देश ऊपर से जारी किये जाने की खबर है। इसकी वजह भी साफ है। वाराणसी देश का एकमात्र ऐसा स्थान है, जहां पांच आतंकी वारदातें हो चुकी हैं। शीतलाघाट पर ताजा हमला अभी मात्र सात ही महीने पहले हुआ था। समझा जाता है कि सूचना मिलने के साथ ही एअरपोर्ट प्रशासन हरकत में आ गया है।

एअरपोर्ट पर सतर्कता बढ़ा दी गई है। इस संबंध में पूछने पर एअरपोर्ट निदेशक एसके मलिक ने कहा कि अमेरिकी खुफिया एजेंसी ने सेंट्रल इंटेलीजेंस को इनपुट दिया है कि आतंकी भारत के किसी भी एअरपोर्ट पर हमला कर सकते हैं। इसे देखते हुए दिल्ली से सिक्योरिटी एलर्ट जारी करने के निर्देश मिले हैं।

No comments:

Post a Comment