Thursday, 23 June 2011

दिग्विजय सिंह राहुल की स्टेपनी हैं: उमा भारती

uma bharti.jpg
उमा भारती।
लखनऊ।। भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेता उमा भारती ने घोषणा की कि उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनावों में पार्टी का राजनीतिक एजेंडा भ्रष्टाचार और अपराध रहेगा, फिर भी हिंदुत्व पार्टी की प्राण शक्ति रहेगा। 

साथ ही उन्होंने बीजेपी के खिलाफ गैर जिम्मेदाराना बयान देने के लिए कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह पर हमला करते हुए कहा, 'उत्तर प्रदेश के वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य में दिग्विजय सिंह की कोई भूमिका नहीं है। वह केवल कांग्रेस के युवराज राहुल गांधी की स्टेपनी हैं।' 

उमा भारती ने यहां बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, 'उत्तर प्रदेश भ्रष्टाचार के मामले में देश में सबसे अव्वल राज्य है। सूबे में कानून-व्यवस्था की हालत बेहद खराब हैं। महिलाएं यहां सर्वाधिक असुरक्षा की शिकार हैं। यह देखते हुए हमने फैसला किया है कि आगामी 2012 के विधानसभा चुनाव तक भ्रष्टाचार और अपराध हमारे राजनीतिक एजेंडा के दो सबसे प्रमुख बिंदु होंगे।' 

बीजेपी नेता ने कहा, 'वैसे तो विधानसभा चुनाव में भ्रष्टाचार और अपराध व इनसे जुड़े जो भी अन्य बिंदु होंगे उन्हें हम उठाएंगे लेकिन मैं कहना चाहती हूं कि हिदुत्व हमारी प्राण शक्ति रहेगा। हिंदुत्व मेरा प्राण, हिदुत्व राष्ट्र का प्राण है और दुनिया में भारत की प्रतिष्ठा हिदुत्व के कारण है।' 

मायावती को अपराधी तत्वों और भ्रष्टाचारियों के मन में सरकार का भय पैदा कर पाने में नाकाम बताते हुए भारती ने कहा कि यह चौंकाने वाली बात है कि यहां सिर्फ पुलिसकर्मी ही नहीं, बल्कि सरकार के मंत्री भी अपराधों में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि हम अभियान चलाकर मायावती सरकार से पूछेंगे कि केंद्र से मिला धन कहां और किस मद में खर्च किया गया।' 

उन्होंने कहा कि हमारा पूरा ध्यान प्रदेश में भाजपा की सरकार लाकर जनता को मायावती के कुशासन से मुक्ति दिलाना है ताकि महात्मा गांधी ने जिस रामराज की कल्पना की थी वह उत्तर प्रदेश में आए। 

यह पूछे जाने पर कि क्या गोपीनाथ मुंडे सहित पिछड़ी जाति के अन्य नेताओं को क्या पार्टी में सम्मान नहीं मिल रहा है? इस पर भारती ने जवाब दिया, 'ऐसा बिल्कुल नहीं है, बीजेपी में पिछड़ी जाति के नेताओं की लम्बी फेहरिस्त है जो सत्ता में बैठे हुए हैं। गुजरात में नरेंद्र मोदी, मध्य प्रदेश में शिवराज सिंह चौहान, बिहार में सुशील मोदी और कर्नाटक में बी.एस.येदुयरप्पा जैसे पिछड़ी जाति के नेताओं के कई उदाहरण हैं, जिन्हें पूरा सम्मान मिल रहा है।' 

प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर निशाना साधते हुए भारती ने कहा, 'कालेधन और भ्रष्टाचार के खिलाफ सत्याग्रह करने वाले स्वामी रामदेव और उनके समर्थकों पर पुलिस कार्रवाई के बारे में प्रधानमंत्री ने कहा था कि उनके पास उसके अलावा कोई विकल्प नहीं था। मुझे प्रधानमंत्री से ऐसी अलोकतांत्रिक टिप्पणी की उम्मीद नहीं थी। दुनिया के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश के प्रधानमंत्री द्वारा इस तरह की कार्रवाई का समर्थन करना लोकतंत्र का अपमान है। हमें उम्मीद थी कि वह पुलिस द्वारा किए गए जुल्म की निंदा करते हुए देश से माफी मांगेंगे।' 

गौरतलब है कि बीजेपी में वापसी के बाद पार्टी आलाकमान ने उमा भारती को उत्तर प्रदेश में चुनावी तैयारियों की जम्मेदारी दी है।
A.J. News

No comments:

Post a Comment