नई दिल्ली ।। योग गुरु बाबा रामदेव ने कहा है कि मौजूदा सरकार करप्शन और काला धन के खिलाफ तो कुछ नहीं करती, ये मुद्दे उठाने वालों को तरह-तरह से बदनाम किया जाता है। उन्होंने कहा कि रामलीला मैदान में हजारों मां-बहन-बेटियों पर जिस तरह का अत्याचार किया गया, वैसा इतिहास में कभी नहीं हुआ। उन्होंने यह भी कहा कि रामलीला मैदान से वह इसलिए छुप कर भागे क्योंकि वह गीदड़ की मौत नहीं मरना चाहते थे।
उन्होंने कहा कि पुलिस और सरकार कहती है कि रामलीला मैदान में पुलिस ने कोई बल प्रयोग नहीं किया। अगर सच में ऐसा है तो बहन राजबाला की ऐसी हालत किसने की ?उन पर लाठियों के निशान अब भी हैं, ये निशान कैसे आए? अगर पुलिस ने रामलीला मैदान में निहत्थे लोगों की भीड़ पर डंडे नहीं बरसाए तो फिर बहन राजबाला को इतनी चोटें कैसे लगीं ?
गौरतलब है कि राजबाला बाबा रामदेव की अनुयायी हैं जो रामलीला मैदान में हुई पुलिस लाठी चार्ज के दौरान बुरी तरह घायल हो गई थीं। दिल्ली पहुंचने के बाद जीबी पंत हॉस्पिटल में भर्ती राजबाला से बाबा ने आज मुलाकात की।
इसलिए भागा मैं
उन्होंने कहा कि रामलीला मैदान से वह इसलिए निकल भागे क्योंकि वह गीदड़ की मौत नहीं मरना चाहते थे। उन्होंने कहा ,' मैं सरकार की साजिश का शिकार नहीं बनना चाहता था, इसलिए वहां से निकला। बाहर जाकर मैंने गिरफ्तारी दी। अगर मैं उन्हें अंदर मिल जाता तो फिर मिलता ही नहीं। ' उन्होंने संकेत दिया कि सरकार ने उनकी हत्या की साजिश तैयार कर रखी थी।
बाबा रामदेव ने अपने सहयोगी आचार्य बालकृष्ण का भी बचाव करते हुए कहा कि उनका पासपोर्ट बिल्कुल उचित और वैध है। उन पर उल्टे-सीधे आरोप लगाने का मकसद हम लोगों को बदनाम करके हमारे उठाए मुद्दों को ठंड़े बस्ते में डालना है।
रेप की कोशिश
बाबा ने सनसनीखेज आरोप लगाते हुए कहा कि रामलीला मैदान में पुलिस ने मां, बहन, बेटियों पर डंडे ही नहीं बरसाए उनकी इज्जत से भी खेलने की कोशिश की। बाबा ने कहा कि पुलिस ने रामलीला मैदान में महिलाओं के साथ रेप करने की भी कोशिश की। उन्होंने कहा कि इस बारे में ठोस सबूत वह सही समय आने पर पेश करेंगे।
बातचीत सार्वजनिक की जाए
बाबा ने कहा कि 'मुझ पर यह आरोप लगाया जा रहा है मैंने सरकार से हुए समझैते की बात छिपाई। अगर यह सच है तो सरकार कपिल सिब्बल और मेरे बीच 4 जून को फोन पर हुई बातचीत को सार्वजनिक क्यों नहीं कर देती?' उन्होंने मांग की कि कपिल सिब्बल और उनके बीच हुई बातचीत को सार्वजनिक किया जाए। इससे सचाई सामने आ जाएगी।
काला धन मिले तो देश को दे दो
बाबा रामदेव ने कहा कि उनके पास ब्लैक मनी होने का आरोप बेतुका है। उन्होंने कहा कि जो लोग भी मेरे पास काला धन होने की बात कहते हैं उन्हें सिर्फ बोलकर नहीं रह जाना चाहिए। बाबा ने कहा कि सरकार जिस तरह से चाहे पूरी जांच करवा ले। मेरे पास जो भी काला धन मिले उसे सरकार बेहिचक राष्ट्रीय संपत्ति घोषित कर दे
No comments:
Post a Comment