उत्तर प्रदेश में दो दिनों के भीतर रेप की छह वारदातें सामने आ चुकी हैं। एटा जिले में जहां एक महिला को रेप के बाद जला दिया गया, वहीं फिरोजाबाद, गोंडा और अलीगढ़ में भी रेप के मामले सामने आए हैं। हालांकि मायावती सरकार से जुड़े कुछ लोग इसके पीछे भी राजनीतिक साज़िश देख रहे हैं।
मुख्यमंत्री से जुड़े प्रमुख सचिव (सूचना) प्रशांत त्रिवेदी का कहना है कि कन्नौज की घटना में शामिल दोनों आरोपी मुलायम सिंह यादव की पार्टी के कार्यकर्ता थे। हालांकि एसपी नेता अखिलेश सिंह यादव ने कहा कि अभियुक्त न तो एसपी के वर्कर थे और न ही पार्टी से उनका किसी तरह का संपर्क है। संभवत: कुछ अफसर इस बात का पता लगा रहे हैं कि कोई मास्टरमाइंड यह सब कहीं मायावती सरकार को बदनाम और अस्थिर करने के लिए तो नहीं करवा रहा है?
एटा के निधौली इलाके में रविवार रात 35 साल की महिला को गैंग रेप के बाद जिंदा जला दिया गया। इलाके के थाना इंचार्ज नरेंद्र पाल सिंह को हटा दिया गया है। उन्होंने रेप और मर्डर से इनकार करते हुए इसे सूइसाइड का मामला बताया था। लखनऊ में स्पेशल डीजीपी बृजलाल ने बताया कि तीन आरोपियों की पहचान सुनील यादव, सुमन यादव और मुलायम सिंह यादव के रूप में हुई है।
फिरोजाबाद में 15 साल की लड़की के साथ शानू नाम के लड़के और उसके साथी ने कथित रेप किया। लड़के के साथ पीड़िता का अफेयर था। शानू को गिरफ्तार कर लिया गया है। गोंडा में 16 साल की दलित लड़की को रेप के बाद मार दिया गया। वह 17 जून से लापता थी। उसका शव रविवार रात खेत में मिला। दो लोग गिरफ्तार किए गए हैं। अलीगढ़ में एक महिला ने आरोप लगाया कि चोरी के केस में पूछताछ के लिए रविवार रात चौकी ले जाते वक्त एक कॉन्स्टेबल और उसके साथी ने रेप किया।
आरोपी गिरफ्तार: कन्नौज के गुरसहायगंज में नाबालिग लड़की से बलात्कार में नाकाम रहने पर आंखें फोड़ने वाले दूसरे आरोपी कुलदीप जशोदा को भी पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। कुलदीप ने जुर्म कबूल लिया है। डॉक्टरों का कहना है कि पीड़िता शायद बाईं आंख से कभी न देख पाए।
मामला राजनीतिक रंग भी लेता जा रहा है। एसपी के यूपी प्रेजिडेंट अखिलेश सिंह यादव के बाद प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष सूर्य प्रताप शाही पीड़ित परिवार से कानपुर के अस्पताल में मिले और 50-50 हजार रुपए की मदद दी। दोनों ने सीबीआई जांच की मांग की है। यूपी कांग्रेस अध्यक्ष रीता बहुगुणा जोशी ने कहा है कि मायावती को शर्म आनी चाहिए। महिला सीएम होने के नाते लोगों को उनसे ज्यादा उम्मीद थी। एसपी नेता शिवपाल यादव ने उत्तर प्रदेश को बलात्कारी प्रदेश तक कह दिया है।
NBT News
No comments:
Post a Comment