Sunday, 26 June 2011

माया राज में महिलाओं की इज्जत के लुटेरे बेखौफ

लखनऊ।। यूपी में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों को रोकने में सरकार और पुलिस नाकाम दिख रही है। बीते 24 घंटों के दौरान भी कई नाबालिग लड़कियों के साथ रेप की खबरें हैं। 

बाराबंकी में देवां के इब्राहिमपुर इलाके में 10 साल की बच्ची दुकान में खरीदारी करने गई थी। गांव के ही शिवकुमार ने उसे अगवा कर उससे दुष्कर्म किया। बच्ची किसी तरह घर पहुंची और परिजनों से आपबीती सुनाई। परिजन आनन-फानन उसे जिला अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उसे लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। आरोपी को जेल भेज दिया गया है। 

सुल्तानपुर थाने के तेंदुआ काजी गांव में घर के बाहर खेल रही मासूम बच्ची को बहला-फुसला कर गांव का ही मुकेश नामक युवक बाहर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। बच्ची की चीख-पुकार पर एक युवक वहां पहुंचा तो आरोपी उसे छोड़कर फरार हो गया। बेहोशी की हालत में बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया। पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। 

हाथरस के सासनीगेट इलाके में शनिवार को 14 साल की लड़की के साथ पड़ोस के किशोरी लाल नाम के युवक ने घर में घुसकर कथित रूप से बलात्कार किया। घटना के वक्त किशोरी घर पर अकेली थी। उसके माता-पिता किसी काम से बाहर गए थे। स्थानीय थाना के प्रभारी आर.एन.सिंह ने रविवार को बताया कि पीड़ित के परिवार की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लड़की को मेडिकल के लिए भेज दिया गया है। सिंह ने कहा कि फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है। 

इससे पहले शनिवार को गाजियाबाद के पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के गांव अनवरपुर में 10 वर्षीय बच्ची को रेप के बाद जिंदा जला दिया गया था। 

कुशीनगर में तीन महीने पहले एक वहशी युवक ने 13 लड़की के साथ बलात्कार किया था। गर्भवती होने पर किशोरी जब अपनी मां के साथ युवक के खिलाफ शिकायत करने पहुंची तो पुलिस ने उसे भगा दिया। दूसरी तरफ, युवक और उसके परिवार वालों ने दबंगई के बल पर लड़की का गर्भपात करा दिया। एसपी के हस्तक्षेप के बाद बलात्कारी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
NBT News

No comments:

Post a Comment