नई दिल्ली।। कन्नौज में नाबालिग लड़की से रेप की कोशिश में नाकामी पर आंख फोड़ने की घटना के 48 घंटे के भीतर यूपी में कम से कम तीन और महिलाएं दरिंदों की हवस का शिकार हो गईं। आरोप के मुताबिक, एटा में दलित महिला से गैंग रेप के बाद उसे जला दिया गया। वहीं, गोंडा के करनैलगंज में एक नाबालिग से गैंग रेप के बाद उसे मारकर खेत में फेंक दिया गया। फिरोजाबाद में भी एक नाबालिग लड़की से उसके प्रेमी ने अपने दोस्त के साथ गैंग रेप किया। कानपुर में एक लड़की को कुछ लोगों ने अगवा करके होटेल में बंधक बनाकर रखा था, किसी तरह वह उन लोगों की गिरफ्त से आजाद हो पाई।
वहीं, उत्तर प्रदेश सरकार ने महिलाओं के साथ दुष्कर्म और उत्पीड़न की इन घटनाओं पर सफाई देते हुए कहा कि यह सभी अलग-अलग घटनाएं हैं। इन्हें एकसाथ जोड़कर ना देखा जाए।
गैंग रेप के बाद महिला को जिंदा जलाया
एटा में रविवार की रात पांच लोगों ने कथित रूप से एक महिला के साथ गैंग रेप करने के बाद उसे जिंदा जला दिया। गंभीर रूप से झुलसी महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के सभी आरोपी फरार हैं। मामला जिले के निधौलीकला थाना क्षेत्र के सभापुर गांव का है, जहां सोमवार तड़के अनारकली (33) के घर में घुसकर 5 लोगों ने उसके साथ गैंग रेप करने के बाद मिट्टी का तेल छिड़ककर उसे जला दिया। गंभीर रूप से झुलसी महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सुबह उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। कहा जा रहा है कि पीड़ित ने मैजिस्ट्रेट को दिए बयान में दो आरोपियों को पहचानने की बात कही है। घटना के वक्त महिला का पति घर में मौजूद नहीं था। वह दिल्ली में नौकरी करता है।
अलीगढ़ रेंज के पुलिस डीआईजी बी.पी. त्रिपाठी ने कहा, 'मैं घटनास्थल पहुंच रहा हूं। घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। शव के पोस्टमार्टम और जांच के बाद ही मामला स्पष्ट हो पाएगा।'
सामूहिक बलात्कार के बाद हत्या
गोंडा के करनैलगंज इलाके में दलित किशोरी से गैंग रेप के बाद हत्या कर दी गई और शव खेत में फेंक दिया गया। किशोरी तीन दिन से लापता थी। करनैलगंज के मसौलिया गांव के निवासी राजेश की 14 वर्षीय बेटी 16 जून की दोपहर खेत गई थी। देर रात तक वापस नहीं लौटी तो परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी कहीं पता नहीं चला। दूसरे दिन राजेश ने थाने में बेटी के गायब होने की सूचना दी। रविवार दोपहर गन्ने के खेत में किशोरी का शव पड़ा मिला।
राजेश ने थाना करनैलगंज में गांव के ही तीन लोगों पर बेटी से गैंग रेप के बाद हत्या की आशंका जताते हुए तहरीर दी है। डीएसपी रविंद्र कुमार वर्मा का कहना है कि एफआईआर कर अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए दबिश डाली जा रही। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से रेप और मौत के कारणों का पता चल जाएगा।
प्रेमी और उसके दोस्त ने किया रेप
फिरोजाबाद के सिरसागंज में 15 साल की लड़की से कथित रूप से बलात्कार किया गया। एसपी मन्जिल सैनी ने बताया कि मीना बाजार इलाके में लड़की के कथित प्रेमी शानू और उसके साथी गट्टू ने उसके साथ बलात्कार किया। उन्होंने बताया कि शानू को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।
युवती को अगवा कर होटेल में रखा
परिजनों संग स्टेशन से घर जा रही कानपुर के कर्नलगंज की एक युवती को चार गुंडों ने रावतपुर चौराहे से शुक्रवार रात अगवा कर लिया। उसे एक होटेल में रखा। रविवार सुबह लड़की सफाई करने वाले लड़के की मदद से किसी तरह भाग निकली। परिजनों की शिकायत पर हरबंश मोहाल पुलिस ने होटेल मैनेजर को हिरासत में ले लिया। पुलिस का कहना है कि इस मामले में गैंग रेप की पुष्टि नहीं हुई है।
युवती का आरोप है कि स्टेशन पर भीड़ की वजह से वह परिवार से बिछड़ गई थी। चार युवकों ने उसका मुंह बंद कर उसे टेंपो में खींच लिया। युवकों ने पहले धमकाया, फिर उसे जबरदस्ती बर्फी का प्रसाद खाने को दिया, जिसे खाकर वह बेहोश हो गई। युवकों ने उसे होटेल ले जाकर एक कमरे में बंद कर दिया। विरोध करने पर चारों युवकों ने उसके साथ मारपीट की। होटेल के मैनेजर ने भी लड़की को पीटा और उसे नशीला दवा मिली कॉफी और समोसा खिलाया। लड़की के परिवारवालों ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने इस मामले में कोई मदद नहीं की। जब लड़की की गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखवाने गए तो एक थाने से दूसरे थाने भेज दिया गया। पुलिसवालों ने रिपोर्ट नहीं लिखी और कहा कि लड़की खुद कहीं चली गई होगी।
जसजस
सामान्य
लखनऊ राष्ट्रीय16
राष्ट्रीय-अपराध
यूपी सरकार की सफाई
वहीं, उत्तर प्रदेश सरकार ने महिलाओं के साथ दुष्कर्म और उत्पीड़न की इन घटनाओं पर सफाई देते हुए सोमवार को दावा किया कि जहां पर भी ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं प्रशासन वहां पर तेजी से कार्रवाई कर मामलों से सख्ती से निपट रहा है। उत्तर प्रदेश सरकार के सूचना सचिव प्रशांत त्रिवेदी ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि राज्य सरकार हर घटना को गम्भीरता से लेकर आरोपियों से कड़ाई से निपट रही है। जहां पर भी पुलिस अधिकारी लापरवाही कर रहे हैं, वहां उनके खिलाफ कार्रवाई हो रही है।
त्रिवेदी ने कहा कि हम निवेदन करते हैं कि इन घटनाओं को लेकर यह न कहा जाए कि प्रशासिनक तंत्र की क्षमताओं में किसी तरह का समझौता या किसी प्रकार ढिलाई आई है। प्रशासिनक तंत्र पूरी तरह से सजग है और त्वरित कार्रवाई करने के लिए कटिबद्ध है। उन्होंने कहा कि दुराचार व उत्पीड़न की सभी घटनाओं की विवेचना की जा रही है, जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई की जाएगी।
NBT News
No comments:
Post a Comment