Thursday, 16 June 2011

केंद्र में रावणराज: गडकरी

उत्तरकाशी [जागरण संवाददाता]। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए संप्रग के शासन को रावणराज की संज्ञा दी है।

गडकरी ने कहा है कि दिल्ली के रामलीला मैदान में पुलिस की बर्बर कार्रवाई से केंद्र सरकार का जनविरोधी चेहरा सामने आ गया है। भाजपा अध्यक्ष ने यमुना के संरक्षण के लिये भी विशेष कार्ययोजना की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यदि केंद्र में भाजपा सरकार बनती है तो यमुना को भी गंगा की तरह राष्ट्रीय धरोहर घोषित किया जाएगा।

उन्होंने निशंक सरकार की तारीफों के पुल बांधते हुए कहा कि राज्य में संचालित अटल खाद्यान्न योजना से गरीबों को काफी राहत मिली है। गुरुवार को चारधाम की यात्रा पर यमुनोत्री पहुंचे गडकरी ने उत्तराखंड के उत्तरकाशी स्थित जानकीचट्टी में एक जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ दिल्ली के रामलीला मैदान पर शांतिपूर्ण आंदोलन पर की गई कार्रवाई केंद्र में रावण राज का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि गंगा की तरह धार्मिक और आर्थिक दृष्टि से महत्वपूर्ण यमुना को संरक्षण की दरकार है। दिल्ली तक पहुंचते-पहुंचते यमुना नदी से नाले में तब्दील हो जाती है।

No comments:

Post a Comment