Thursday, 23 June 2011

क्या बाबा का समर्थन ठुकरा देंगे अन्ना?

अवंतिका घोष हिमांशी धवन 
नई दिल्ली ।। अन्ना हजारे के 16 अगस्त से प्रस्तावित अनशन को अपना पूरा समर्थन देने का एलान बाबा रामदेव कर चुके हैं, लेकिन टीम अन्ना अभी इस उलझन से निकल नही पाई है कि बाबा के इस समर्थन को स्वीकार किया जाए या नहीं। उन्हें इस बात का अंदेशा है कि बाबा की मौजूदगी के आधार पर कहीं सरकार उनके आंदोलन को आरएसएस की साजिश न करार दे दे। 

सूत्रों के मुताबिक यही वजह है कि अन्ना हजारे के खेमे की ओर से अभी तक बाबा रामदेव के समर्थन का स्वागत नहीं किया गया है। खुद अन्न हजारे से भी जब बाबा के प्रस्तावित समर्थन के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि वह कुछ कहने से पहले एक बार बाबा रामदेव से मिलना चाहेंगे। 
गौरतलब है कि बाबा रामदेव के करीबी सहयोगी आचार्य बालकृष्ण एक बयान में कह चुके हैं कि बाबाजी पहले की तरह ही अन्ना के आंदोलन को हर संभव तरीके से समर्थन देंगे। वह 16 अगस्त से शुरू हो रहे अनशन के दौरान मंच पर भी मौजूद रहेंगे जैसे कि वह अप्रैल में थे। उन्होंने कहा, हम उन्हें हर तरह की मदद देंगे और पहले की तरह इस आंदोलन का अभिन्न हिस्सा बने रहेंगे। 

मगर, अन्ना की टीम में समर्थन की इस पेशकश को लेकर असमंजस दिख रहा है। इसका एक हिस्सा इस आशंका को लेकर चिंतित है कि बाबा की करीबी के चलते कहीं अन्ना की इस मुहिम पर भी आरएसएस की साजिश का ठप्पा न लगा दिया जाए। अन्ना हजारे से जब पूछा गया कि बाबा ने एलान कर दिया है कि वह अनशन के दौरान मंच पर मौजूद रहेंगे, तो उनके चेहरे पर परेशानी के भाव साफ दिख गए। उन्होंने थोड़ी हिचक के साथ कहा, यह मकसद पर निर्भर करता है। अगर वह करप्शन के खिलाफ बोलना चाहते हैं तो उनका स्वागत है। लेकिन, हमारे मन में (उनके अभियान को लेकर) कुछ संदेह हैं। इसलिए इससे पहले कि वह हमारी मुहिम से जुड़ें, मैं उनसे मिलकर कुछ बातें साफ कर लेना चाहूंगा। '
NBT News

No comments:

Post a Comment