Sunday, 26 June 2011

गरीबी की बजाय गरीबों को मिटाने पर तुली सरकार ः भाजपा

रसोई गैस, डीजल और केरोसिन की कीमत में बढ़ोतरी के खिलाफ सड़कों पर उतरे भाजपाई
रामकटोरा तिराहे पर पुलिस से नोकझोंक, भाजपाइयों ने पुलिस से पुतला छीनकर फूंका 
अमर उजाला ब्यूरो
वाराणसी। रसोई गैस, डीजल और केरोसिन की कीमतों में बढ़ोतरी के विरोध में शनिवार को महानगर भाजपा कार्यकर्ता सड़क पर उतरे। प्रधानमंत्री का पुतला लेकर भाजपाई लहुराबीर, चौक, कबीरचौरा होते हुए रामकटोरा तिराहे पर पहुंचे तो पुलिस ने घेराबंदी कर इन्हें रोक दिया। पुलिस ने पुतला भी अपने कब्जे में ले लिया लेकिन केंद्र सरकार विरोधी नारे लगाते पार्टी कार्यकर्ताओं ने दस मिनट की नोकझोंक और छीनाझपटी के बाद पुलिस से आखिरकार पुतला झटक लिया और उसे लहुराबीर चौराहे पर फूंका। फिर पुलिस इन्हें गिरफ्तार करने बढ़ी और घेराबंदी भी की लेकिन कार्यकर्ताओं के तेवर देखते हुए कदम रोक लिए।
वहीं बिना मंच के ही सभा शुरू हुई। विधायक श्याम देव रायचौधरी ने कहा कि कीमतों में बढ़ोतरी का रिकार्ड बना रही कांग्रेस सरकार गरीबी मिटाने की बजाय गरीबों को मिटाने पर तुल गई है। अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष रामगोपाल मोहले ने की। जुलूस और प्रदर्शन में कौशलेंद्र सिंह, विधायक डा. ज्योत्सना श्रीवास्तव, टीएस जोशी, महेंद्र सिंह, शंकर गिरी, डा. राजेश जायसवाल, डा. राकेश त्रिवेदी, काशीनाथ अकेला, रविशंकर सिंह, आत्मा विशेश्वर, अंबरीश केसरी, सत्येंद्र सिंह, पूनम पांडेय, महेंद्र सिंह गौतम, निर्मला सिंह पटेल, सौरभ श्रीवास्तव, अशोक कोहली, भारती शाहू, जेपी सिंह, इशरत हुसैन, शकील अहमद आदि शामिल थे।
भोजूबीर और राजातालाब शिवमंदिर के पास जिला भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री और कांग्रेस अध्यक्ष का पुतला फूंका। इसमें पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश सिंह अलगू, अजय सिंह मुन्ना, राकेश रंजन त्रिपाठी, रामदुलार सिंह, सुदामा पटेल, संजय सिंह, सूबेदार पांडेय, कल्लू मिश्रा, डा. आजाद सिंह गौतम, विनय पांडेय, राजेश दूबे आदि शामिल थे। शिवपुर के ऊसरपुरवां चौराहे पर प्रदेश किसान मोर्चा उपाध्यक्ष सुजीत सिंह टीका के नेतृत्व में केंद्र सरकार का पुतला दहन हुआ। इसमें बृजेश पांडेय, सुरेश भारती, दिनेश मौर्या, दीपक मोदनवाल, रूपनारायण मौर्या, विवेक राय आदि मौजूद थे। 

बुद्धि-शुद्धि यज्ञ किया
वाराणसी। रसोई गैस कीमत में बढ़ोत्तरी के विरोध में महानगर भाजपा के गायत्री मंडल सदस्यों ने शनिवार को कैंट स्थित सत्संग लाज पर बुद्धि-शुद्धि यज्ञ किया। इसमें मंडल अध्यक्ष सुशील गुप्त योगी, सिद्धनाथ शर्मा, महेंद्र गौतम, राकेश वशिष्ठ, सुनील कुमार चौहान, मीना देवी, विवेक मौर्य, संजीव गुप्ता, सुमित मेहरोत्रा, धर्मेंद्र पांडेय, रमेश, सुनील गुप्ता, रतन सिंह, प्रदीप सिंह, लक्ष्मी सिंह, महेश गुप्ता, रजवंती देवी शामिल रहीं।

नजी बसों का बढ़ेगा किराया, आज तय होगी रणनीति
१२ पैसा प्रति किमी की दर से किराया बढ़ाने की तैयारी 
अमर उजाला ब्यूरो
वाराणसी। डीजल के दाम बढ़ने के बाद निजी बस संचालक यात्री किराए में बढ़ोतरी करने की तैयारी में हैं। इस बारे में रणनीति तय करने के लिए रविवार को पदाधिकारियों की बैठक बुलाई गई है। परिवहन निगम ने फिलहाल इस बारे में अभी कोई फैसला नहीं लिया है।
वाराणसी-भदोही-जंघई बस आपरेटर यूनियन के अध्यक्ष विजय प्रताप सिंह का कहना है कि पिछले छह साल से प्राइवेट बसों के किराए में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई जबकि इस अवधि में डीजल के दाम कई गुना बढ़े। साथ ही टायर ४० फीसदी, मोबिल आयल ५० फीसदी महंगा हो गया। अब किराया बढ़ाना बस संचालकों की मजबूरी हो गई है। उन्होंने बताया कि १२ पैसा प्रति किमी की दर से किराए में बढ़ोतरी की योजना है। इस मामले में अंतिम निर्णय के लिए रविवार को १२ बजे अंधरापुल स्थित कार्यालय में बस संचालक संगठनों की बैठक बुलाई गई है। वहीं परिवहन निगम ने अभी कोई फैसला नहीं लिया है। क्षेत्रीय प्रबंधक पीके तिवारी का कहना है कि मुख्यालय से इस संबंध में कोई आदेश अभी नहीं आया है।

ट्रांसपोर्टरों ने कहा, मूल्य वृद्धि वापस ले सरकार
वाराणसी। डीजल के दामों में बढ़ोतरी के चलते गुड्स ट्रांसपोर्टरों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। इस संबंध में दी बनारस गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन की बैठक शनिवार को लहरतारा स्थित विकास ट्रांसपोर्ट कंपनी में हुई जिसमें सरकार के विरुद्ध आक्रोश जाहिर किया गया। एसोसिएशन के अध्यक्ष शिवचंद तिवारी ने केंद्र सरकार से तत्काल मूल्य वृद्धि वापस लेने की मांग की। उन्होंने ट्रांसपोर्टरों से कहा कि भाड़े में १० फीसदी बढ़ी दर से ही माल लोड करें। जो व्यापारी बढ़ी दर से भुगतान न करें, उनका माल कतई न लें। बैठक में राजित यादव, भरत सिंह, अरुण सिंह, जीके मिश्रा, आरएस बरनवाल एवं अश्वनी दूबे आदि मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment